अरिजीत सिंह का प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का फैसला और उसके पीछे का पूरा सिस्टम
भारतीय फिल्म उद्योग, खासकर बॉलीवुड, जिसे सपनों की दुनिया के रुप में जानते हैं, लंबे समय से “संघर्ष और सफलता” की कहानियों के लिए जाना जाता रहा है। यह वह उद्योग है जहाँ एक ओर सितारों की चमक है, वहीं दूसरी ओर अनगिनत कलाकारों की अनदेखी मेहनत, असुरक्षा और टूटते सपने भी छिपे हैं। हाल के दिनों में चर्चित गायक अरिजीत सिंह के जरिए प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने के संकेत ने एक बार फिर उस बहस को तेज कर दिया है, जो वर्षों से दबे स्वर में चल रही थी—क्या बॉलीवुड आज भी बाहरी कलाकारों के लिए एक कठिन, असमान और मानसिक रूप से थकाने वाली जगह है?
यह सवाल इसलिए भी अहम है क्योंकि अरिजीत सिंह कोई संघर्षरत या हाशिए पर खड़ा नाम नहीं हैं। वे बीते एक दशक से हिंदी फिल्म संगीत की सबसे प्रभावशाली और लोकप्रिय आवाज़ों में गिने जाते रहे हैं। ऐसे में उनका यह कदम केवल एक व्यक्तिगत निर्णय नहीं माना जा रहा, बल्कि उसे पूरे फिल्मी संगीत तंत्र पर सवाल के रूप में देखा जा रहा है।
बॉलीवुड: सपनों की नगरी या सीमित प्रवेश वाला संस्थान?
बॉलीवुड को आम तौर पर एक ऐसे मंच के रूप में प्रस्तुत किया जाता है जहाँ “प्रतिभा अपना रास्ता खुद बना लेती है”। लेकिन मीडिया रिसर्च और इंडस्ट्री के भीतर काम कर चुके कई लोगों का कहना है कि वास्तविकता इससे कहीं अधिक जटिल है।
फिल्म इंडस्ट्री एक नेटवर्क-आधारित उद्योग है। यहाँ काम केवल हुनर से नहीं, बल्कि संपर्कों, भरोसे, पहले से बने रिश्तों और व्यावसायिक समीकरणों से मिलता है। जिन कलाकारों का जन्म फिल्मी परिवारों में होता है, उनके लिए यह नेटवर्क स्वाभाविक रूप से उपलब्ध रहता है। वहीं बाहरी कलाकारों को यह नेटवर्क धीरे-धीरे, अक्सर अपमान, अस्वीकृति और अनिश्चितता के बीच बनाना पड़ता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह असमानता केवल अभिनय तक सीमित नहीं है, बल्कि संगीत, लेखन, निर्देशन—हर रचनात्मक क्षेत्र में दिखाई देती है।
बाहरी कलाकार: अवसर कम, दबाव ज्यादा
बॉलीवुड में बाहरी कलाकारों के सामने सबसे बड़ी समस्या होती है—अवसर की निरंतरता।
एक बाहरी गायक या कलाकार को अगर एक हिट मिल भी जाए, तो भी यह तय नहीं होता कि अगला मौका मिलेगा या नहीं। इसके उलट, अंदरूनी नेटवर्क से जुड़े कलाकारों को असफलताओं के बावजूद मौके मिलते रहते हैं। संगीत उद्योग से जुड़े एक वरिष्ठ व्यक्ति बताते हैं,“यहाँ बाहरी कलाकारों से हमेशा यह अपेक्षा रहती है कि वे हर बार खुद को साबित करें। एक भी चूक उनके करियर को पीछे धकेल सकती है।”
यह दबाव लंबे समय में मानसिक थकान और असुरक्षा को जन्म देता है।
प्लेबैक सिंगिंग सम्मान से अनुबंध तक
प्लेबैक सिंगिंग भारतीय सिनेमा की पहचान रही है। लता मंगेशकर, मोहम्मद रफ़ी, किशोर कुमार, मुकेश जैसे गायकों को न सिर्फ़ आवाज़, बल्कि कलात्मक व्यक्तित्व के रूप में देखा जाता था। लेकिन कहते हैं कि हर वक्त बदल जाता है भले ही वो अच्छा आए या अपने हित का नहीं आए। अब बदलते समय के साथ यह तस्वीर बदली है।
आज प्लेबैक सिंगिंग महज एक कॉर्पोरेट अनुबंध आधारित काम बन चुका है। जहाँ निर्णय म्यूज़िक लेबल और प्रोड्यूसर लेते हैं ,और गायक अक्सर एक “वॉइस प्रोवाइडर” की भूमिका तक सीमित रह जाता है। डिजिटल स्ट्रीमिंग के दौर में गाने अरबों बार सुने जा रहे हैं, लेकिन इसके आर्थिक लाभ का बड़ा हिस्सा रिकॉर्ड लेबल और प्लेटफ़ॉर्म को जाता है। गायकों को अक्सर एकमुश्त फ़ीस मिलती है, जो लंबे समय में गाने की सफलता से जुड़ी नहीं होती।
रॉयल्टी और अधिकार: सबसे बड़ा विवाद
संगीत उद्योग से जुड़े कई जानकार मानते हैं कि भारतीय फिल्म संगीत का सबसे कमजोर पक्ष रॉयल्टी सिस्टम है ।जब कोई गाना फिल्मों में,विज्ञापनों में,सोशल मीडिया, य़ा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस्तेमाल होता है, तो उसके असली गायकों और रचनाकारों को सीमित या कभी-कभी कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं मिलता। यही वजह है कि कई कलाकारों ने बीते वर्षों में खुलकर कहा कि फिल्मी संगीत में आर्थिक सुरक्षा बेहद कमजोर है, खासकर उन कलाकारों के लिए जो किसी बड़े बैनर से जुड़े नहीं हैं।
अरिजीत सिंह: बाहरी कलाकार से इंडस्ट्री की सबसे बड़ी आवाज़ तक
अरिजीत सिंह का करियर इस मायने में खास है कि उन्होंने बिना किसी फिल्मी पृष्ठभूमि के खुद को स्थापित किया। रियलिटी शो से शुरुआत, शुरुआती असफलताएँ, और फिर लगातार मेहनत—यह सब उन्हें शीर्ष तक ले गया। उनकी आवाज़ रोमांटिक गानों की पहचान बनी, भावनात्मक दृश्यों की आत्मा बनी और एक समय पर लगभग हर बड़ी फिल्म का हिस्सा रही लेकिन इसी सफलता के साथ एक और समस्या भी जुड़ती गई—अति-उपयोग (Overexposure)।
संगीत विशेषज्ञों के अनुसार, जब किसी गायक की आवाज़ अत्यधिक इस्तेमाल होने लगती है, तो इंडस्ट्री उससे प्रयोग नहीं, बल्कि दोहराव चाहती है।अरिजीत सिंह की आवाज़ को भी एक खास भावनात्मक दायरे में बाँध दिया गया. उनसे वही शैली बार-बार दोहराने की अपेक्षा की गई इस प्रक्रिया में कलाकार की रचनात्मक स्वतंत्रता सीमित होती जाती है।
प्लेबैक से दूरी: सन्यास या नई दिशा?
अरिजीत सिंह के हालिया बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि क्या वे प्लेबैक सिंगिंग से सन्यास ले रहे हैं। हालांकि उनके करीबियों और जानकारों का कहना है कि यह संगीत छोड़ने का फैसला नहीं, बल्कि फिल्मी प्लेबैक सिस्टम से दूरी बनाने का संकेत है। वे स्वतंत्र संगीत, लाइव परफॉर्मेंस, और अपने रचनात्मक नियंत्रण वाले प्रोजेक्ट्स पर अधिक ध्यान देना चाहते हैं।यह रुख दर्शाता है कि कई कलाकार अब फिल्म उद्योग से बाहर भी अपनी पहचान और आज़ादी खोज रहे हैं।
किसने ज्यादा दुखी किया? या सिस्टम ही जिम्मेदार है?
सोशल मीडिया पर यह सवाल भी उठता रहा कि अरिजीत सिंह को “किसने दुखी किया”—कोई निर्माता, कोई लेबल या कोई व्यक्ति? लेकिन विश्लेषकों का मानना है कि यह सवाल ही गलत दिशा में जाता है। यह मामला किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम का है जहाँ निर्णय ऊपर से थोपे जाते हैं,यहाँ कलाकार को साझेदार नहीं, संसाधन समझा जाता है । बडी विडंम्बना है कि सफलता के बावजूद असंतोष बना रहता है।
अरिजीत सिंह का फैसला इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि कई अन्य गायक और कलाकार, जो अभी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं, खुलकर बोल नहीं पाते। अरिजीत का कदम एक तरह से सामूहिक अनुभव का प्रतीक बन जाता है। इस नए जमाने में डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म्स ने कलाकारों को एक नया रास्ता दिया है, सीधे श्रोताओं तक पहुँच,बिना फिल्म के भी संगीत रिलीज़, और बेहतर रचनात्मक नियंत्रण
यही वजह है कि आज कई गायक फिल्मी संगीत के साथ-साथ स्वतंत्र संगीत को प्राथमिकता दे रहे हैं।
अंत में इस बात को जरूर ध्यान देने योग्य है कि अरिजित सिंह का प्लेबैक सिंगिग से दूरी बनाना किसी एक घटना या विवाद का परिणाम नहीं दिखता। यह उस संरचनात्मक थकान का संकेत है, जो बॉलीवुड में बाहरी कलाकार वर्षों से महसूस करते आ रहे हैं। यह घटना एक सवाल छोड़ जाती है—
अगर सबसे सफल बाहरी कलाकार भी खुद को असंतुष्ट महसूस करता है, तो संघर्षरत कलाकारों की स्थिति क्या होगी?
बॉलीवुड के सामने अब विकल्प साफ है,या तो वह अपने सिस्टम में सुधार करे,
या फिर अपनी सबसे ईमानदार आवाज़ों को खोने के लिए तैयार रहे।
